सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान 1,301 यात्रियों की मौत

0 50

सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान 1,301 यात्रियों की मौत हुई। सऊदी ने रविवार को ये जानकारी दी है। मरने वाले ज्यादातर हज यात्रियों में सबसे ज्यादा मिस्र के 658 लोग थे। इसके बाद इंडोनेशिया के 199 और भारत के 98 हैं। वहीं जॉर्डन से 75, ट्यूनीशिया से 49 पाकिस्तान से 35 और ईरान से 11 हज यात्रियों की मौत की खबर है।

सऊदी अरब ने मरने वालों का आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि इनमें ज्यादातर वो लोग थे जो अवैध तरीके से मक्का-मदीना पहुंचे थे। सऊदी ने मौत की वजह भीषण गर्मी को बताया है। सऊदी की तरफ से दिए गए बयान में कहा गया है कि मरने वाले ज्यादातर या तो बुजुर्ग थे या किसी बीमारी से जूझ रहे थे। इस बार हज के लिए 18 लाख यात्री सऊदी पहुंचे।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हज यात्रा के दौरान मारे गए यात्रियों के शव सड़कों पर पड़े हुए थे। इन्हीं के बीच से बाकी यात्री हज करने जा रहे थे। इस साल बड़ी संख्या में हज यात्रियों के मरने के पीछे की बड़ी वजह भीषण गर्मी का होना है।

मिस्र के मारे गए 658 हज यात्रियों में से 630 बिना वीजा के हज के लिए गए थे। इस समस्या से निपटने के लिए मिस्र ने क्राइसिस सेंटर का गठन किया है।

हज पर जाने के लिए हज यात्री टूर ऑपरेटर का भी सहारा लेते हैं। इसके लिए ऑपरेटर पैकेज लेकर उचित सुविधा जैसे रहने, खाने और ट्रांसपोर्ट जैसी तमाम जरूरी चीजें मुहैया कराने का वादा करते हैं।

हालांकि मिस्र के सांसद महमूद कासिम ने टूर ऑपरेटरों पर हज यात्रियों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई हज यात्रियों को टूर ऑपरेटरों ने उचित सुविधाएं नहीं दी, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और इससे उनकी मौत हो गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.